December 25, 2025 7:23 pm

दीपोत्सव अयोध्या में जलाएं एक दीया राम के नाम

एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट –अनुराग पटेल 

अयोध्या। अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियां आखिरी चरण में हैं। इस साल 26 लाख से अधिक दिए जलाने के साथ ही 2100 श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक महाआरती के विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी है। वहीं डिजिटल पहल के तहत पर्यटन विभाग ने ”एक दीया राम के नाम” की भी शुरुआत की है। इसमें दुनिया भर में कहीं से भी ऑनलाइन एक दीया नाम के नाम जला सकेंगे।

अयोध्या में 22 झांकियों में दिखेगी रामायण की झलक

पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इसमें ऑनलाइन पंजीकरण कर श्रद्धालु वर्चुअल दीप जलाकर भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या दीपोत्सव अब वैश्विक स्तर पर लोगों को जोड़ने वाला आयोजन बन गया है। श्रद्धालु दिव्य अयोध्या ऐप के माध्यम से दुनिया भर से डिजिटल दीप जला सकते हैं।उन्होंने बताया कि इस ऐप पर श्रद्धालुओं के लिए तीन पैकेज उपलब्ध हैं। राम ज्योति में 2100 रुपये का पैकेज है। इसमें रोली, सरयू जल (पीतल के लोटे में), अयोध्या रज, रामदाना, मिश्री, रक्षा सूत्र, हनुमान गढ़ी के लड्डू और चरण पादुका (खड़ाऊ) शामिल है। ऑनलाइन संकल्प पूरा करने पर यह पूरा प्रसाद आपके घर तक पहुंचाया जाएगा।

अवधी और भोजपुरी सुरों पर झूमेगी रामनगरी

कलाकार अवधी और भोजपुरी भजनों के साथ लोक वाद्ययंत्रों पर ऐसी प्रस्तुतियाँ देंगे, जो श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देंगी। भारत की लोकध्वनियों और शास्त्रीय रंगों के मेल से अयोध्या दीपोत्सव 2025 एक आध्यात्मिक संगीत महोत्सव का रूप ले लेगा।

झांकियों में दिखेंगे रामायण के जीवंत प्रसंग

आयोजन के दौरान 22 भव्य झांकियाँ निकाली जाएंगी। इनके आगे और पीछे कलाकार अपनी कला का जीवंत प्रदर्शन करेंगे। प्रत्येक झांकी में रामायण के प्रमुख प्रसंगों की दिव्य झलक देखने को मिलेगी। यह शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आनंद का अविस्मरणीय क्षण बनेगी।

अयोध्या में संस्कृति और आस्था का विराट संगम

दीपोत्सव 2025 में अयोध्या केवल भक्ति की नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता की राजधानी बन जाएगी। अवधी, भोजपुरी, ब्रज और फगुआ की लहरियाँ जब मंदिरों की घंटियों के साथ मिलेंगी, तब रामनगरी अपने सनातन स्वरूप में झिलमिलाती नज़र आएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें