एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट –अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। मैगलगंज थाना क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठित श्री लाखन फार्मेसी पर रविवार को पशुपालकों हेतु एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गाँवों से आए बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता की। संगोष्ठी का उद्देश्य पशुओं के स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण और आधुनिक पशुपालन तकनीकों के प्रति पशुपालकों को जागरूक करना था। संगोष्ठी में जुडिशन फार्मा कंपनी के अनुभवी विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने पशुओं में फैलने वाले मौसमी व संक्रामक रोगों के लक्षण, टीकाकरण के सही समय, दवाओं के सुरक्षित उपयोग और संतुलित पोषण की महत्ता पर विशेष जोर दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक पद्धतियों से पशुपालन करने पर न केवल पशुओं की सेहत बेहतर बनी रहती है, बल्कि दुग्ध उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।कार्यक्रम के दौरान कंपनी द्वारा नई एवं प्रभावी पशु-चिकित्सा दवाओं, पोषक सप्लीमेंट्स और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी भी दी गई। उपस्थित पशुपालकों ने संगोष्ठी को अत्यंत लाभदायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होने चाहिए, जिससे उन्हें नवीन जानकारी मिल सके और पशु-स्वास्थ्य में सुधार किया जा सके। अंत में श्री लाखन फार्मेसी के संचालक अमित राठौर ने आए हुए विशेषज्ञों और पशुपालकों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस तरह के उपयोगी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही गई।













