March 30, 2026 3:43 pm

महाशिवरात्रि से पहले कमिश्नर व आईजी ने किया शिव मंदिर का निरीक्षण

कॉरिडोर से सुगम दर्शन, भीड़ नियंत्रण को मजबूत तैयारी के दिये निर्देश 

एपीएस न्यूज रिपोर्ट–रफी अहमद 

गोला गोकर्णनाथ खीरी। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत गोला गोकरननाथ स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर कॉरिडोर की व्यवस्थाओं का मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) किरण एस के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोला रमेश तिवारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने पर विशेष बल दिया।आईजी किरण एस ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी तथा कंट्रोल रूम को पूर्णतया सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विगत वर्ष भीड़ हो गयी थी बेकाबू, अव्यवस्था हुई थी उत्पन्न– गत वर्ष महाशिवरात्रि एवं सावन माह के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण अस्थायी रूप से अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिससे कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्रशासन ने पूर्व तैयारी को प्राथमिकता दी है। मजबूत बैरिकेडिंग, चरणबद्ध प्रवेश व्यवस्था एवं अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।

पार्किंग व वैकल्पिक मार्गों का जायजा लिया–अधिकारियों ने मुख्य द्वार, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थलों तथा वैकल्पिक यातायात मार्गों का जायजा लिया। कॉरिडोर का मुख्य द्वार श्रद्धालुओं के लिए पूर्व में ही खोल दिया गया है, जिससे मंदिर तक पहुंच अधिक सुगम हो गई है।महाशिवरात्रि की रात्रि एवं शिव बारात के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक यातायात योजना लागू की जा रही है। भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था तथा वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया गया है।

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश–इसके अतिरिक्त शिव बारात एवं मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 149 के तहत संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें