एपीएस न्यूज– संवाददाता
मितौली खीरी। क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र कस्ता बाजार के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बाजार की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कराया जा रहा है। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी मितौली आईएएस मनीषा धार्वे ने निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन तथा बाजार के समग्र सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों, उच्च गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानकहीन कार्य स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही बाजार क्षेत्र को स्वच्छ, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल दिया। स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने बाजार के हो रहे कायाकल्प पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्य पूर्ण होने के बाद कस्ता बाजार अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनेगा, जिससे क्षेत्रवासियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।













