March 30, 2026 3:56 pm

खांसी की दवा समझकर कीटनाशक पी गया किसान, इलाज के दौरान मौत से मचा कोहराम

एपीएस न्यूज–ब्यूरो रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मऊपुरवा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। करीब 60 वर्षीय किसान छत्रपाल की उस समय मौत हो गई जब उन्होंने खांसी की दवा समझकर खेत में छिड़काव की जहरीली दवा पी ली। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं।परिजनों के मुताबिक, घर में खांसी की सीसी और कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाली कीटनाशक दवा पास-पास रखी थी। असावधानी में छत्रपाल ने कीटनाशक को दवा समझकर पी लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी—उल्टी, घबराहट और सांस लेने में दिक्कत होने पर परिवार के लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी में मामला दुर्घटनावश जहरीला पदार्थ सेवन का बताया जा रहा है। गांव में शोक की लहर है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में उपयोग होने वाली जहरीली दवाओं को सुरक्षित स्थान पर रखने को लेकर जागरूकता की कमी ऐसे हादसों की वजह बन रही है। यह घटना एक बार फिर सावधानी की आवश्यकता को उजागर करती है—घर में दवाओं और जहरीले रसायनों को अलग और सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें