एपीएस न्यूज–ब्यूरो रिपोर्ट
मैगलगंज खीरी। विपरीत परिस्थितियों में भी हौसलों की उड़ान कैसी होती है, यह शिवा राठौर ने साबित कर दिखाया। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में शिवा राठौर (पिता स्व. सतीश राठौर) का चयन हुआ है। जिले के कुल 318 विद्यार्थियों में स्थान बनाकर शिवा ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में शिवा पीएम श्री विद्यालय खूंटी खुर्द में कक्षा 8 के विद्यार्थी हैं। विद्यालय परिवार ने भी उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है और इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बताया है। शिवा अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। वर्ष 2024 में उनके पिताजी का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की चुनौतियाँ आ गईं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिवा ने हिम्मत नहीं हारी और पढ़ाई को ही अपनी ताकत बनाया।परिजनों और शिक्षकों का कहना है कि शिवा शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। सीमित संसाधनों के बीच भी उन्होंने नियमित अध्ययन कर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्रवासियों में गर्व की भावना है। शिवा की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो परिस्थितियाँ बाधा नहीं बनतीं, बल्कि सफलता की सीढ़ी बन जाती हैं।













