एपीएस न्यूज ब्यूरो चीफ अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन को सपा प्रदेश सचिव रेहान खान ने केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि ‘जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण’ का महा-उत्सव बना दिया। पलिया तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पहुंचकर रेहान खान ने जिस अनोखे और दिल जीतने वाले अंदाज में इस दिन को मनाया, उसकी चर्चा अब पूरे जिले में हो रही है। सपा नेता ने राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक सरोकारों की एक नई मिसाल पेश की: 11 जरूरतमंद कन्याओं के विवाह के लिए 21-21 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता राशि सौंपी। कमलापुरी, गोविंद नगर, संपूर्णानगर, बिसेनपुरी, सुमेर नगर समेत कई गांवों की बुजुर्ग व जरूरतमंद महिलाओं को नए सूट और साड़ियां भेंट कीं। कुंतलों के हिसाब से मिठाई, चॉकलेट और टॉफियां बांटी गईं, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे। “राजनीति का असली मकसद पद नहीं, जनता की सेवा है” ग्रामीणों के बीच पहुंचे रेहान खान ने कहा: “अखिलेश यादव का पूरा जीवन गरीबों, किसानों और वंचितों की आवाज बुलंद करने में बीता है। उनके जन्मदिन पर किसी गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उन्हें सबसे सच्ची शुभकामना है। समाजवादी विचारधारा हमेशा अंतिम व्यक्ति के साथ खड़ी रही है और सेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।” 121 पौधों से दिया पर्यावरण का संदेश केवल समाजसेवा ही नहीं, रेहान खान ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए क्षेत्र में 121 पौधों का रोपण किया, जिसमें दो पवित्र रुद्राक्ष के पौधे भी शामिल रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाएं नहीं, बल्कि उन्हें पाल-पोसकर बड़ा करने की जिम्मेदारी भी लें। इस बड़े आयोजन के दौरान जितेंद्र त्रिपाठी, श्याम बिहारी, श्रीकिशन मौर्या, रीता सिंह, सुमित्रा देवी, वहीद खां, पत्येंद्र सिंह कक्कू, संजय शुक्ला, काले प्रधान, जावेद अख्तर समेत सैकड़ों सपा कार्यकर्ता और हजारों ग्रामीण इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।













