एपीएस न्यूज संवाददाता– रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हैदराबाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। आगामी पर्व दीपावली के दृष्टिगत थाना प्रभारी महेश पाठक के नेतृत्व में बारिश और खराब मौसम में पुलिस बल ने क्षेत्र में ताबड़तोड़ सघन गश्त अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस की सक्रियता देखकर असामाजिक तत्वों और नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। थाना इंचार्ज महेश पाठक ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बे के मुख्य चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल व मोबाइल गश्त की। गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और बेवजह घूमने वाले युवकों से कड़ी पूछताछ की गई। पुलिस टीम ने आम नागरिकों को सुरक्षा का अहसास कराया, वहीं उपद्रवियों को कड़ा संदेश दिया कि क्षेत्र में अशांति फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने खुद मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र के बॉर्डर कठिना नदी आदि पूरे क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की गहन चेकिंग कराई। बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध रूप से फर्राटा भर रहे दोपहिया व चार पहिया वाहनों को रोककर कागजात जांचे गए। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत देते हुए कड़ी चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा नियम उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधि पाई गई, तो सीधे चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष महेश पाठक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। रात्रि गश्त और दिन की चेकिंग आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को दें, पुलिस 24 घंटे जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है।













