apsnews24live

न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता में बहेरवा का दबदबा, ओवरऑल चैंपियन बना मेजबान विद्यालय

एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट– अनुराग पटेल 

लखीमपुर खीरी। न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय (यू.पी.एस.) बहेरवा में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी हृदयशंकर लाल श्रीवास्तव एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान बहेरवा ने किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो एवं वॉलीबॉल की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। कबड्डी एवं खो-खो के बालक और बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बहेरवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बिझौली की टीम विजेता रही, जबकि बालक वर्ग में बहेरवा की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के 200 मीटर बालक वर्ग में बहेरवा के अमन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में रामपुर गोकुल की उमा विजेता रहीं। सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उच्च प्राथमिक विद्यालय बहेरवा ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षक उमाशंकर त्रिवेदी, राकेश वर्मा, चंद्रशेखर वर्मा, आलोक मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में विजयी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त कर प्रतियोगिता का समापन किया गया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!