कवि सम्मेलन की सफलता पर वंदे मातरम् सेवा संकल्प फाउंडेशन ने अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित
एपीएस न्यूज रिपोर्ट–अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा के प्रति समर्पण जब सम्मान के रूप में अभिव्यक्त होता है, तो वह समाज में सकारात्मकता और आत्मीयता की नई ऊर्जा का संचार करता है। इसी भावभूमि पर वंदे मातरम् सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से आयोजित ऐतिहासिक कवि सम्मेलन की सफलता के उपलक्ष्य में संस्था के संरक्षक एवं समाजसेवी मोहन बाजपेई का उनके आवास पर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मोहन बाजपेई का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। अध्यक्ष एवं संरक्षक ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में साहित्यिक चेतना, सामाजिक समरसता और परस्पर स्नेह की सुंदर झलक देखने को मिली।कार्यक्रम में संस्था के मुख्य संरक्षक चंद्रशेखर मिश्रा, अध्यक्ष डॉ. वीबी धुरिया, महामंत्री बृजेश मिश्रा सहित योगेश शुक्ला, राजेश श्रीवास्तव, राजेश शुक्ला, अमित सिंह चौहान, सुरेंद्र मिश्रा, कमल किशोर प्रधान, जसप्रीत सिंह राजा भैया, अजय मिश्रा, शिवम तिवारी और शशांक त्रिवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के कोषाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने किया।संस्था के सदस्यों ने मोहन बाजपेई के साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के साथ साहित्यिक गतिविधियों को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। समारोह ने सम्मान, संस्कार और सेवा के संकल्प को सार्थक अभिव्यक्ति दी।














