apsnews24live

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को नमन, मुख्यमंत्री ने ₹1,725 करोड़ की कौशल विकास योजना का किया शुभारंभ

एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट अनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की शपथ ली।कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेने का दिन है। इस दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बृजेश कुमार त्रिपाठी, एडीएम (न्यायिक) बृजपाल सिंह सहित अधिकारियों ने भी सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला। इसी अवसर पर प्रदेश सरकार ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के लोक भवन से ₹1,725 करोड़ लागत वाली सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का जनपद के सभी राजकीय आईटीआई एवं राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में सजीव प्रसारण किया गया, जिसे छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षकों और अन्य लोगों ने देखा। नई योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उनकी दक्षता बढ़ाना तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एक ओर जहां सरदार पटेल के आदर्शों को स्मरण किया गया, वहीं दूसरी ओर युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की इस पहल को भी महत्वपूर्ण कदम माना गया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!