एपीएस न्यूज संवाददाता इमरान मंसूरी
मोहम्मदी खीरी। गोमती नदी में जलस्तर बढ़ने और मंदिर परिसर तक पानी पहुंच जाने के बावजूद गोमती श्रमदान मूवमेंट का साप्ताहिक सफाई अभियान लगातार जारी है। प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने अपने संकल्प को निभाते हुए 14वें सप्ताह भी नदी तट एवं मंदिर परिसर की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरक संदेश दिया। रविवार को आयोजित अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने जलभराव के बीच मंदिर परिसर में पहुंचकर गंदगी हटाई तथा पूजा स्थल को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया। कठिन परिस्थितियों में भी टीम के सदस्यों ने उत्साह के साथ श्रमदान कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता के प्रति समर्पण किसी भी चुनौती से बड़ा होता है।गोमती श्रमदान मूवमेंट के संयोजक अश्वनी सिंह राजपूत ने कहा कि गोमती नदी की स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व और जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर बढ़ने के बावजूद टीम का उत्साह कम नहीं हुआ है और यह अभियान भविष्य में भी प्रत्येक सप्ताह निरंतर जारी रहेगा।अभियान में संरक्षक योगेश त्रिवेदी के साथ धर्म सिंह, शांतनु त्रिवेदी, शिबू शुक्ला, रोहित कश्यप, राजकरन, अमित कुशवाहा, शेखर राठौर, अंकुल राठौर सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।उल्लेखनीय है कि गोमती श्रमदान मूवमेंट प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से नदी एवं घाटों की सफाई का अभियान संचालित कर रहा है। इस पहल से स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। अभियान का उद्देश्य गोमती नदी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाना तथा नदी किनारे स्थित धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना है।












