फरधान खीरी। विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत गनेशपुर में ग्रामीणों की सुविधा के लिए आठ कक्षों वाला आधुनिक पंचायत भवन बनने जा रहा है। भवन बनने के बाद ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए 20 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ग्राम प्रधान संदीप कुमार वर्मा के प्रयासों से बन रहे इस पंचायत भवन में एक मीटिंग हॉल के साथ विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जा रहे हैं। इसमें कंप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी, पंचायत सहायक कक्ष, लेखपाल कक्ष, स्वास्थ्य विभाग कक्ष, पुलिस बीट कक्ष, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कक्ष और प्रधान कक्ष शामिल हैं।
ग्रामीणों को क्या-क्या लाभ मिलेगा– भवन बनने के बाद सभी विभागों के कर्मचारी निर्धारित दिन और समय पर अपने कक्ष में बैठेंगे। पंचायत सहायक प्रतिदिन पंचायत भवन में बैठकर ग्रामीणों के आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कार्य ऑनलाइन करेंगे, जिसके लिए ग्रामीणों को केवल निर्धारित सरकारी शुल्क देना होगा। ग्रामीणों को राजस्व, स्वास्थ्य और पंचायत संबंधी कार्यों के लिए एक ही छत के नीचे सुविधा मिलेगी। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए लाइब्रेरी की सुविधा भी रहेगी, जहां वे निःशुल्क बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। ग्राम प्रधान संदीप वर्मा ने बताया कि भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है और निर्माण पूरा होते ही सभी कर्मचारियों के बैठने का रोस्टर और सुनवाई का समय निर्धारित कर दिया जाएगा। भवन बनने से ग्रामीणों को भागदौड़ से बड़ी राहत मिलेगी।













