एपीएस न्यूज संवाददाता
गोला गोकर्णनाथ खीरी। गोला-लखीमपुर नेशनल हाईवे पर गोला ओवरब्रिज से करीब 200 मीटर दूर एक बड़ा गड्डा राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इसी मार्ग से जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी गुजरते हैं। सड़क पर सिर्फ एक ही नहीं, बल्कि कई स्थानों पर छोटे-बड़े गड्ढे हैं। इनसे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ओवरब्रिज की सर्विस लेन और क्रॉसिंग पर भी गड्ढे होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले पांच वर्षों से जारी है, जबकि फरधान में टोल टैक्स भी वसूला जा रहा है। इन गड्डों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए, गोला निवासी संतोष त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस समस्या पर अपनी चिंता व्यक्त की है। त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर गोला रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य वर्षों से चल रहा है। निर्माण के दौरान लिंक रोड और सर्विस लेन की खुदाई की गई थी, लेकिन उपयोग के बाद उनका पूरी तरह से पुनर्स्थापन नहीं किया गया। इसके परिणामस्वरूप, ये सड़कें गड्डों, कीचड़ और टूट-फूट से भरी पड़ी हैं। विशेष रूप से बारिश के बाद ये लिंक रोड अत्यंत खतरनाक हो जाती हैं। जहां वाहन पलटने और गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। गोला एक पौराणिक शिवनगरी और गोकर्ण कॉरिडोर विकास क्षेत्र है, जहां कांवरियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों का दैनिक आवागमन होता है, जो इस बदहाली से प्रभावित हो रहे हैं। निर्माण कार्य के कारण अक्टूबर-नवंबर 2025 में मार्ग बंद किए गए थे और डायवर्जन भी हुए थे। लेकिन उसके बाद भी लिंक रोड की मरम्मत नहीं की गई। इससे लखीमपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जाम लग रहे हैं और यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा कार्य की धीमी गति के कारण यह समस्या अब तक लंबित है।













