छोटी काशी गोला में आस्था, विकास और उम्मीदों के साथ मनाई जाएगी कॉरिडोर वर्षगांठ

एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल / रफी अहमद

गोला गोकर्णनाथ खीरी। लगभग 19,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रहा श्री गोकर्णनाथ कॉरिडोर तीर्थ कुंड क्षेत्र, मुख्य प्रवेश द्वार, चौड़े मार्ग, परिक्रमा पथ, सीढ़ियों, प्रकाश व्यवस्था, लैंडस्केपिंग और सौंदर्याकरण के माध्यम से छोटी काशी की पहचान को नई भव्यता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य प्राचीन श्री गोकर्णनाथ महादेव मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराना है। गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी) में 22 फरवरी 2026 को कॉरिडोर भूमिपूजन की पहली वर्षगांठ पर भव्य “छोटी काशी शिवोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। यह योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से प्रारंभ हुई और पूर्व विधायक अरविन्द गिरि के संकल्प को विधायक अमन गिरि के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 79 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।कार्यक्रम के तहत 22 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे नीलकंठ मैदान से पारंपरिक वेशभूषा में भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी, जबकि सायं 7 बजे तीर्थ परिसर में भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें सुप्रसिद्ध गायक हेमन्त बृजवासी अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।

लोगों की राय–:

कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रहलाद पटेल खीरी ने कहा– कि निर्माण की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों और परिवारों को हटाया गया है, उनके पुनर्वास की अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है, जबकि नगर पालिका और जिला पंचायत के पास दुकानों और स्थानों की कमी नहीं है। मुआवजे के लिए लोगों से बार-बार कागजात मांगे जा रहे हैं और टालमटोल की स्थिति बनी हुई है, जो गरीब और छोटे व्यापारियों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में अराजकता की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों में असंतोष है।

पूर्व सपा विधायक विनय तिवारी ने कहा–कि मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास के समय छह माह में निर्माण पूरा कराने की बात कही गई थी। लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को लंबे समय से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सरकार को जल्द से जल्द कॉरिडोर का निर्माण पूरा कराना चाहिए। ताकि लोगों को राहत मिल सके। यदि समय सही दिशा और सही समय में कॉरिडोर का निर्माण हो जाए तो हमारे गोला के लिए गौरव होगा।

भाजपा नगर अध्यक्ष शत्रोहन लाल मिश्रा– ने कहा कि सावन मेला और महाशिवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के कारण कार्य कई बार प्रभावित होता है, क्योंकि इन पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाती है। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार प्रगति पर है और जो स्वरूप अभी तक सामने आया है, वह सराहनीय और भव्य दिखाई देता था।

सी जी एन पी जी महाविद्यालय गोला के प्राचार्य पंकज सिंह का कहना है– कि छोटी काशी में शिव मंदिर कॉरिडोर का निर्माण एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक गौरवमयी सौगात है। जिससे पर्यटन को तो बढ़ावा मिलेगा ही और गोल नगर में आर्थिक प्रगति होगी रोजगार को बढ़ावा मिलेगा 22 फरवरी को जो भूमि पूजन दिवस मनाया जा रहा है उससे गोला गोकर्णनाथ की ख्याति प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में गोला गोकर्णनाथ का महत्व बढ़ेगा जिसके दूरगामी परिणाम भविष्य में हमारे सामने आएंगे हमारे लिए हमारे नगर वासियों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है जो मुख्यमंत्री जी ने हम सभी को दिया है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!