एपीएस न्यूज–रफी अहमद
लखीमपुर खीरी। इंडिया नेशनल क्रिकेट टीम की आई सी सी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश के साथ-साथ लखीमपुर खीरी जिले में भी जबरदस्त जश्न का माहौल देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मिली इस शानदार जीत के बाद जिले के विभिन्न कस्बों और बाजारों में क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे।मैच समाप्त होते ही लखीमपुर खीरी शहर के साथ-साथ गोला,बिजुआ, पड़रिया तुला, पलिया, निघासन और अन्य कस्बों में लोग घरों से बाहर निकल आए। युवाओं ने सड़कों पर तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए और ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गाकर जीत का जश्न मनाया। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और खुशी जाहिर की।जिले के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। युवाओं ने रंग-गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया, तो कई जगहों पर दिवाली की तरह जमकर आतिशबाजी भी की गई। पटाखों की आवाज से पूरा माहौल गूंजता रहा और लोग टीम इंडिया की जीत का उत्सव मनाते नजर आए। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय टीम ने जिस अंदाज में फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया, उसने पूरे देश को गौरवान्वित कर दिया है। युवाओं ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि यह जीत लंबे समय तक याद रखी जाएगी।जिले में देर रात तक जीत का जश्न चलता रहा। जगह-जगह युवाओं की टोलियां ढोल और डीजे की धुन पर नाचती नजर आईं और लोगों ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। टीम इंडिया की इस जीत ने जिले के लोगों में भी उत्साह और गर्व की भावना भर दी।













