एपीएस न्यूज संवाददाता–रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। घर थनिया स्थित एस.डी. इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक उत्सव एवं छात्र प्रतिभा अलंकरण समारोह ‘संस्कार’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, सनशाइन हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. कौशल कुमार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर और पूजन-अर्चन के साथ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदर्श सरस्वती बाल विद्या मंदिर के संरक्षक अरविंद पांडे ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संस्कारयुक्त शिक्षा से ही उज्जवल होगा देश का भविष्य: डॉ. कौशल वर्मा मुख्य अतिथि डॉ. कौशल कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा “संस्कारयुक्त शिक्षा से ही देश की भावी पीढ़ी का भविष्य उज्जवल होगा। बच्चों को अच्छे नागरिक के रूप में गढ़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम के अध्यक्ष अरविंद पांडे ने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल के शिक्षक और शिक्षिकाएं छात्र-छात्राओं को संस्कारयुक्त शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए क्षेत्र के अभिभावकों के विशेष योगदान को भी रेखांकित किया। मेधावी छात्रा को मिली साइकिल, टॉपर छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित समारोह के दौरान विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया। हाई स्कूल परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा सैंकी यादव को मुख्य अतिथि डॉ. कौशल कुमार वर्मा के कर-कमलों द्वारा साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। जूनियर एवं प्राइमरी स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और आकर्षक पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।अतिथियों का आभार और सम्मान विद्यालय की प्रबंध समिति के प्रबंधक राजेश वर्मा ने मुख्य अतिथि डॉ. कौशल कुमार वर्मा और कार्यक्रम अध्यक्ष अरविंद पांडे सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं फूल-माला भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक राजेश वर्मा ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विशिष्ट अतिथि आनंद वर्मा (ग्राम प्रधान), सरला वर्मा (पूर्व प्रधान), वीरेंद्र वर्मा, मनोज वर्मा, सतीश वर्मा, आलोक तिवारी, महेश वर्मा, संदीप प्रजापति, महादेव प्रसाद वर्मा, अमित वर्मा, दिवाकर वर्मा, अवधेश वर्मा और शिक्षक रमेश चंद। विद्यालय स्टाफ व अन्य, प्रधानाचार्या योगवती वर्मा, छत्रपाल वर्मा, उपेंद्र पटेल, नियमित वर्मा, सरोज कुमार, सुमित कुमार, रजनीश वर्मा, रीता यादव, प्रवेशिका श्रीवास्तव, डाली, गोल्डी, राधा, अनुष्का, अंशिका राठौर सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आदर्श सरस्वती बाल विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य महेंद्र वर्मा द्वारा किया गया।













