कलेक्ट्रेट घेरकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

एपीएस न्यूज ब्यूरो चीफ– अनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। पेट्रोल, डीजल, गैस एवं सीएनजी की बढ़ी कीमतों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी आवास का घेराव किया और धरने पर बैठ गए। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने किया। धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी की कमर टूट गई है। उन्होंने बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। पूर्व विधायक सतीश अजमानी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और आम नागरिक स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं लीं तो कांग्रेस पार्टी पूरे जनपद में व्यापक धरना-प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता रवि तिवारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शन में मोहन चंद्र, राजेश सिद्धार्थ, मंजू मिश्रा, चंद्रप्रभा अवस्थी, नेहा चौधरी, कृष्ण किशोर मिश्रा, अनु, कल्लू मिश्रा, गंगाराम राजवंशी, सहजेंद्र दीक्षित, पंकज शुक्ला, जावेद अली, अब्दुल रहीम, अब्दुल कयूम, राकेश विश्वकर्मा, शक्ति शरण गौतम, लतीफ आजम, हरगोविंद वर्मा, कोमल सिंह, अकील खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!