लूट और छिनैती करने वाले सक्रिय गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। जनपद में लगातार हो रही लूट और छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना कोतवाली सदर और थाना खीरी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सक्रिय लूट गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को शारदा नदी रवही पुल के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, लूटी गई मोटरसाइकिलें, नगदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर राजेश कुमार सिंह और थाना खीरी पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सादान पुत्र कमरूद्दीन निवासी हसनपुर कटौली थाना ईसानगर, रेहान पुत्र रहीस निवासी सिकटिहा थाना कोतवाली सदर तथा महताब पुत्र कमरूद्दीन निवासी हसनपुर कटौली थाना ईसानगर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह राह चलते लोगों को निशाना बनाकर चाकू और तमंचे के बल पर लूट एवं छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने हाल ही में कोतवाली सदर और थाना खीरी क्षेत्र में मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नगदी और महिलाओं के जेवर छीनने जैसी कई घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस टीम जब संदिग्धों की तलाश में रवही पुल के पास पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए जबकि तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।बरामदगी में दो अवैध तमंचे 315 बोर, कारतूस, दो लूटी गई मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, विकलांग प्रमाण पत्र, नगदी और दो चाकू शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!