6 दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का शव बरामद, पुलिस हिरासत में दो संदिग्ध युवक

एपीएस न्यूज रिपोर्टअनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। फरधान थाना क्षेत्र में 6 दिनों से लापता ई-रिक्शा चालक का शव नहर पटरी के पास खंती से बरामद किया गया है।जिसकी पहचान सराय सूरत गांव के रहने वाले 30 वर्षीय विनीत कुमार के रूप में हुई है। विनीत अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। जिसमें उनकी पत्नी और दो छोटी बेटियां–चार साल की प्रज्ञा व डेढ़ साल की नव्या शामिल हैं। 3 अगस्त से लापता विनीत की गुमशुदगी पहले फरधान थाने में दर्ज की गई थी। और बाद में परिजनों के कहने पर सदर कोतवाली में अपहरण का मामला भी पंजीकृत किया गया था। शनिवार देर रात सीसीटीवी फुटेज और जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ई-रिक्शा की बैटरी को लेकर देवरिया गांव के दो युवकों के साथ विनीत का विवाद हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हिरासत में लिए गए युवकों की निशानदेही पर रात करीब 12 बजे आमान गांव के पास नहर की खंती से विनीत का शव मिला। जिसकी शिनाख्त परिजनों ने उनके दाहिने हाथ की दो उंगलियों से की। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की सही वजह स्पष्ट न होने तक पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया और हिरासत में लिए गए युवकों से आमना-सामना कराने की मांग पर अड़ गए। जिस वजह से पुलिस टीम करीब चार घंटे तक उनके घर पर समझाने का प्रयास करती रही। मामले में फरधान थाना प्रभारी निराला तिवारी से संपर्क नहीं हो सका, वहीं पुलिस पिकेट के हल्का दरोगा अजय यादव ने बताया कि फरधान थाने में विनीत की गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक मौत की वजह का पता चल सकेगा।

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!