एपीएस न्यूज रिपोर्ट–रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी।पवित्र सावन मास में ‘छोटी काशी’ गोला धाम में भोले बाबा के जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों और कांवड़ियों का ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ पड़ा है। प्रदेश के कोने-कोने से सैकड़ों किलोमीटर का कठिन पैदल सफर तय कर पहुंच रहे कांवड़ियों की सेवा में सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ने अनूठी मिसाल पेश की है। लगातार पैदल चलने के कारण कांवड़ियों के पैरों में छाले, सूजन, मांसपेशियों में खिंचाव और अत्यधिक थकान जैसी गंभीर समस्याओं से राहत दिलाने के लिए हॉस्पिटल द्वारा ‘निःशुल्क चिकित्सा सेवा रथ’ (एंबुलेंस) का संचालन किया जा रहा है।
सड़कों पर दौड़ रही ‘चलती-फिरती’ संजीवनी
सनशाइन हॉस्पिटल के संचालक एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा द्वारा सावन मेले की शुरुआत में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया यह सेवा रथ खुटार, मोहम्मदी और लखीमपुर मार्ग पर दिन-रात मुस्तैद है। अनुभवी मेडिकल स्टाफ और आधुनिक दवाओं व संसाधनों से लैस यह रथ दूर-दूर से आ रहे कांवड़ियों को मौके पर ही तुरंत निःशुल्क इलाज मुहैया करा रहा है। शिवभक्तों के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त करते हुए डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि “सावन का महीना सनातन संस्कृति की अगाध श्रद्धा, आस्था और समर्पण का प्रतीक है। दूर-दूर से अपनी मनोकामनाएं और बाबा भोलेनाथ के प्रति भक्ति लेकर आ रहे कांवड़िए हमारे पूज्य मेहमान हैं। इन शिवभक्तों की निः स्वार्थ सेवा करना मेरे लिए किसी परम सौभाग्य से कम नहीं है,”कांवड़ियों की सेवा ही सबसे बड़ी ईश्वर भक्ति”। सनशाइन हॉस्पिटल की इस मानवीय और सेवाभावी पहल की पूरे क्षेत्र और कांवड़ संघों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की जा रही है।












