एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट– अनुराग पटेल
लखीमपुर-खीरी। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा अरुण वर्मा के लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मंगलवार को जनपद में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया।लखीमपुर-सीतापुर रोड स्थित मरखापुर से स्वागत का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद ओयल हनुमान मंदिर और गुलरी पुरवा मंदिर पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। गुलरी पुरवा में बुलडोजर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। रिलायंस पेट्रोल पंप पर युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं तथा जेटीसी ग्रुप की ओर से भी स्वागत हुआ। राजापुर चौराहे पर पवन गुप्ता, ब्लाक प्रमुख संजय गुप्ता सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सौजन्य चौक पर प्रधान अनुश्री जायसवाल के नेतृत्व में महिला मोर्चा की महिलाओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। इसके बाद बंधन गार्डन में स्वागत समारोह आयोजित हुआ। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिला प्रभारी वासुदेव मौर्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रेखा वर्मा को शुभकामनाएं दीं। मंच का संचालन जिला महामंत्री मनोज वर्मा ने किया। रेखा वर्मा ने कहा कि लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। यह उपलब्धि लखीमपुर-खीरी के प्रत्येक कार्यकर्ता की है। पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं की मेहनत ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। जिले के कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता से स्वागत किया, वह हमेशा स्मरणीय रहेगा। वह जनपद की जनता और कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर सक्रिय रहेंगी। भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाना प्राथमिकता होगी। आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्वागत और सहयोग के लिए सभी विधायकों, उच्च स्तरीय पदाधिकारियों, जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि रेखा वर्मा का लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धि से जिले के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर लखीमपुर-खीरी का सम्मान बढ़ाया है। कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे। जिले में भाजपा का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम जारी रहेगा। रेखा वर्मा के मार्गदर्शन से जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। कार्यक्रम में राजेश सिंह,अनुराग मिश्रा सौर्य सक्सेना ज्ञान बाजपेयी, विनोद मिश्रा, राजेश सिंह, अनुराग मिश्रा, संजय मिश्रा, प्रमोद चौधरी, अम्बरीश सिंह, राजराजेश्वर सिंह, जीतू त्रिपाठी, नीरज मिश्रा, आशुतोष वर्मा, जितेंद्र वर्मा व रामू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।













