एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल
लीलाकुआं खीरी। ओम साईं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी झालरों एवं मनमोहक झांकियों से सजाया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और गोप-गोपियों का मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी का दिल जीत लिया। बच्चों ने कृष्ण जन्म, माखन चोरी और रासलीला से जुड़ी सुंदर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी सजाई गई, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाशंकर सिंह व समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। अंत में सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।













