एपीएस न्यूज संवाददाता– रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी।धर्मनगरी छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में शुक्रवार की रात्रि में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की बारात अत्यंत धूमधाम, आस्था और भव्यता के साथ निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की थाप, देश भक्ति के गीत, गगनभेदी जयकारों और आकर्षक झांकियों के बीच निकली राम बारात में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बारात के नगर भ्रमण के दौरान गोला विधायक अमन गिरि ने अगुवानी कर प्रभु श्री राम के स्वरूपों पर भारी पुष्प वर्षा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक के साथ शिव मंदिर कमेटी अध्यक्ष जनार्दन गिरी, धर्मेंद्र गिरी( मोन्टी), मिन्नी, अमित वर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने प्रभु की आरती उतारकर बारात का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर गोला विधायक अमन गिरि ने कहा कि “छोटी काशी गोला सदा से ही धर्म और संस्कृति का पावन केंद्र रही है। आज प्रभु श्री राम की भव्य बारात में शामिल होकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूँ। प्रभु श्री राम का जीवन हम सभी के लिए मर्यादा, सत्य और जनसेवा का सर्वोच्च आदर्श है। हमारी छोटी काशी का यह पावन पर्व सामाजिक समरसता और अटूट आस्था का प्रतीक है। मैं भगवान भोलेनाथ और प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूँ कि हमारे गोला क्षेत्र और समस्त जनपदवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो।” प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रही फोर्स राम बारात को शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए गोला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद गोला कोतवाल अंबर सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद यादव और कस्बा चौकी इंचार्ज सुनील तिवारी ने संभाली। भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी बारात के आगे और पीछे लगातार भ्रमणशील रहे। संवेदनशील मार्गों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शांति और उल्लासपूर्ण माहौल में प्रभु श्री राम की बारात अपने गंतव्य पर संपन्न हुई।














