एपीएस न्यूज संवाददाता
लखीमपुर खीरी। गोला-लखीमपुर नेशनल हाईवे पर स्थित फरधान ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। लखीमपुर से आ रही एक कार (UP32RF3619) ओवरब्रिज के रास्ते पर लगे पत्थर से टकरा गई। इस दुर्घटना में ड्राइवर सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल फरधान सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें ओयल ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों में बाराबंकी के राउडी निवासी सोनू (30) पुत्र राजेंद्र और दो अज्ञात लोग शामिल हैं, जो अपनी स्थिति के कारण नाम बताने में असमर्थ थे। गौरतलब है कि गोला और फरधान में दोनों ओवरब्रिज का निर्माण पिछले पांच वर्षों से चल रहा है। इस बीच, 10 सितंबर 2024 से टोल टैक्स भी शुरू कर दिया गया। निर्माणाधीन ओवरब्रिज और खराब रास्ते को लेकर किसान संगठनों के साथ-साथ समाजसेवी संस्थाओं ने भी टोल टैक्स का विरोध किया था, लेकिन इसके बावजूद टोल लगातार जारी है। हाल ही में लोक निर्माण विभाग से जानकारी मिली थी कि इस ओवरब्रिज को नव वर्ष में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि, लाइटिंग का काम पूरा न होने के कारण इसका उद्घाटन टाल दिया गया। अधिकारी अब ओवरब्रिज में आए दिन कोई न कोई तकनीकी समस्या का हवाला दे रहे हैं। इस मामले पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि जिस पत्थर को क्रेन उठाकर रखती है, वह आगे खिसक गया था। उन्होंने कहा कि इसमें कार सवारों की गलती है, क्योंकि पत्थरों पर रेडियम पट्टी और संकेतक लगे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस ओवरब्रिज को संभवतः 26 जनवरी को खोल दिया जाएगा।













