एपीएस न्यूज संवाददाता –रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। मुस्लिम समुदाय के इबादत के सबसे बड़े त्योहार माहे रमजान की शुरुआत हो गई। बुधवार शाम रमजान का चांद नजर आने की तस्दीक होते ही मुस्लिम समुदाय के द्वारा चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई और फिर एक दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। गुरुवार को पहला रोजा रखा गया, इसके साथ ही बुधवार रात ईशा की नमाज के बाद सभी मस्जिदों में तरावीह शुरू हो गई थी।शहर की मस्जिदों जामा मस्जिद, नीची भूड़ मस्जिद, ऊँची भूड़ मस्जिद, गढ़ी मस्जिद, अर्जुन नगर मस्जिद से चांद की तस्दीक कर दी गई थी।मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक माह तक चलने वाले रमजान की तैयारियां तेज कर दी । चांद नजर आने के साथ ही सभी मस्जिदों में नमाज ए तरावीह रात में शुरू हो गई थी। ईशा की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में एक साथ तरावीह पढ़ी, इसके लिए मस्जिदों में पहले से तैयारी कर ली गई थी। गर्मियों के मुकाबले इस बार मौसम थोड़ा सर्द है, ऐसे में रोजा आसान माना जा रहा है। गोला में पहले रोजे की सहरी का वक्त सुबह 5:19 बजे एवं इफ्तार शाम 6:05 बजे होगा वहीं आखरी रोजे की सहरी का वक्त सुबह 4: 54 बजे एवं इफ्तार शाम 6: 22 बजे होगा।













