एपीएस न्यूज –ब्यूरो रिपोर्ट
लखीमपुर खीरी। युवा आपदा मित्र परियोजना के अंतर्गत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, खीरी द्वारा दिनांक 4 फरवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय “युवा आपदा मित्र” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों के साथ युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी के रोवर-रेंजर्स एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।प्रशिक्षण उपरांत जनपद से चयनित 9 आपदा मित्रों को दिनांक 21 फरवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया। यह महाविद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय की रेंजर कु. मीनू देवी भी सम्मानित आपदा मित्रों में सम्मिलित रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हेमंत पाल ने मीनू देवी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि सम्पूर्ण जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण युवाओं में सेवा, नेतृत्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करते हैं। महाविद्यालय की रेंजर लीडर प्रो. ज्योति पंत तथा रोवर लीडर डॉ. अमित सिंह ने भी सभी सम्मानित आपदा मित्रों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके सतत सेवा भाव की सराहना की।













