एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट अनुराग पटेल
पलियाकलां खीरी। जगतगुरु शंकराचार्य पूज्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का 3 जुलाई को पलिया आगमन होगा। उनके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधायक स्व निरवेंद्र कुमार मुन्ना के सुपुत्र संजीव कुमार मुन्ना ने यह जानकारी दी। संजीव कुमार मुन्ना ने बताया कि जगतगुरु शंकराचार्य के पलिया आगमन पर सर्वप्रथम शारदा पुल पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उन्हें कार्यक्रम स्थल प्रेसिडेंट पार्क लाया जाएगा, जहां वे उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को गौ-रक्षा, सनातन धर्म एवं राष्ट्रहित के विषय में अपना आशीर्वचन प्रदान करेंगे तथा गौ-रक्षा के लिए जनजागरण का संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि पूज्य शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज वर्तमान में 81 दिवसीय गौ-रक्षा जनजागरण यात्रा पर हैं। इसी क्रम में उनका पलिया आगमन हो रहा है। संजीव कुमार मुन्ना ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं नागरिकों में शंकराचार्य के आगमन को लेकर भारी उत्साह है तथा हजारों की संख्या में लोग उनके स्वागत एवं दर्शन के लिए तैयार है l













