एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट –अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी।एनलाइटेनमेंट वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा रविवार को भगत सिंह पार्क, ऑफिसर्स कॉलोनी, लखीमपुर खीरी में पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में लगभग 30 वंचित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व पर आधारित आकर्षक पोस्टर बनाकर हरित भविष्य का संदेश दिया।विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु स्कूल बैग, डिजिटल स्लेट तथा अल्पाहार (स्नैक्स) वितरित किए गए। फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है।फाउंडेशन की संस्थापक गरिमा सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित अध्ययन और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में सौम्या त्रिपाठी, प्रियंका सिंह, गगनदीप कौर, रोहन, सरताज एवं सर्वेश शुक्ला सहित फाउंडेशन के सदस्यों और सहयोगियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा शिक्षा के प्रसार का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया। फाउंडेशन ने भविष्य में भी समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।













