पुनीत साहनी बने जिलाध्यक्ष, सूरज राजपूत को मिली नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी
एपीएस न्यूज रिपोर्ट–अनुराग पटेल
गोला गोकर्णनाथ खीरी। भारतीय जन उद्योग व्यापार मंडल, गोला गोकर्णनाथ इकाई का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार को कृष्णा वाटिका में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक सौरभ तिवारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.डी. सिंह वैशवारा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता एवं गोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमन गिरि ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संगठन, व्यापारी समाज एवं व्यापारिक हितों के प्रति निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में पुनीत साहनी को जिलाध्यक्ष, सूरज राजपूत को नगर अध्यक्ष तथा सचिन रस्तोगी को नगर महामंत्री सहित अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत अतिथियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना संगठन की प्रमुख जिम्मेदारी है।उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा आपसी समन्वय के साथ व्यापारिक हितों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा व्यापारी समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से व्यापारी एकता, संगठन की मजबूती और व्यापारिक हितों के लिए सामूहिक प्रयास का संदेश दिया गया। इस शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों में राष्ट्रीय संरक्षक सौरभ तिवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.डी. सिंह वैशवारा, राष्ट्रीय प्रभारी हनुमत सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विवेक शुक्ला, प्रदेश महामंत्री विमल चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल रावत एवं प्रवीण मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे व साथ में ही कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी, संगठन के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।














