एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल
गुवाहाटी। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में पंचम दिवस – नशामुक्ति दिवस के अवसर पर अणुव्रत समिति, गुवाहाटी द्वारा को अच्युत स्क्वायर, रेलवे गेट नंबर 2 के पास, राम मंदिर लेन में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन प्रातः 10 बजे किया गया। इस नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित लोगों के बीच नशे के दुष्परिणामों को लेकर गहरी जागरूकता पैदा की। नाटक का निर्देशन व मुख्य अभिनय अवकाश कुमार जम्मड़ ने किया। नाटक में अब्दुल कय्यूम ने भी अभिनय किया। अभिनय के दौरान कलाकारों के चेहरे के भाव, संवादों की गंभीरता और परिस्थितियों के अनुरूप उनकी भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को भीतर तक झकझोर दिया। दोनों कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, भावपूर्ण संवाद अदायगी और प्रभावशाली हाव-भाव के माध्यम से नशे की गिरफ्त में फंसते व्यक्ति, उसके परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। समिति की मंत्री रंजना बरडिया ने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। नुक्कड़ नाटक का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि आमजन को यह समझाना था कि नशामुक्त समाज का निर्माण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इसके के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, परिवारों को अपने बच्चों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संदेश दिया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति के अध्यक्ष संजय चौरड़िया, अणुविभा के कार्यकारिणी सदस्य एवं समिति के निवर्तमान अध्यक्ष बजरंग बैद, उपाध्यक्ष सरोज बरडिया, अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के मुख्य संयोजक सहमंत्री राजकुमार भटेरा ने अपने को प्रस्तुत करते हुए कहा कि अणुव्रत का उद्देश्य व्यक्ति के भीतर संयम, और अच्छे संस्कारों को जागृत करना है। नशामुक्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे सशक्त माध्यमों के जरिए समाज के हर वर्ग तक संदेश सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति को सराहा और नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। नुक्कड़ नाटक ने यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया कि “नशा जीवन को नहीं, जीवन नशे को हराए” और स्वस्थ, संस्कारित एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। इस अवसर पर संगठन मंत्री राखी बैंगानी के साथ गुलाब दुगड़, नीलम चंडालियां, निर्मल बैद, संदीप बैद एवं राकेश श्यामसुखा उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अणुव्रत समिति, गुवाहाटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति ने सभी समाजबंधुओं से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।














