एपीएस न्यूज रिपोर्ट– अनुराग पटेल / रफी अहमद
पलियाकलां खीरी। सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की धरती पलिया कलां में महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर एकता और आपसी प्रेम की एक अभूतपूर्व तस्वीर देखने को मिली। वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सचिव व समाजसेवी रेहान खान ने पूरे कस्बे में निकाली गई शोभायात्रा में शुरू से लेकर अंत तक साथ रहकर श्रद्धाभाव से सेवा की और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की। वाल्मीकि समाज ने फूल-मालाओं से लादकर किया भव्य स्वागत व सम्मान शोभायात्रा के दौरान रेहान खान के इस समर्पण और भाईचारे की भावना को देखकर वाल्मीकि समाज गदगद हो उठा। समाज के प्रबुद्ध जनों व युवाओं ने रेहान खान का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया और उन्हें फूल-मालाओं से लादकर उनका नागरिक अभिनंदन व जोरदार स्वागत किया। हर तरफ दोनों समुदायों के बीच अटूट प्रेम और तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। मंदिर में अर्पित किए श्रद्धा सुमन, कमेटी को भेंट की 31,000 रूपये की नकद धनराशि महर्षि वाल्मीकि जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए मुख्य अतिथि रेहान खान ने धार्मिक व सामाजिक कार्यों के लिए वाल्मीकि मंदिर कमेटी को इकतीस हजार रुपये की नकद धनराशि सहयोग स्वरूप भेंट की। इसके साथ ही पूरे उत्साह और उल्लास के साथ वाल्मीकि जयंती उत्सव मनाया गया। रेहान खान के इस उदार योगदान की पूरे नगर में मुक्तकंठ से सराहना की जा रही है। रेहान खान ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि जी ने पूरी मानवता को सत्य, न्याय और समानता का संदेश दिया है। उनके विचार किसी एक वर्ग या धर्म के नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत की धरोहर हैं। त्योहार और उत्सव हमें एक-दूसरे के करीब लाते हैं और दिलों की दूरियां मिटाते हैं। आज वाल्मीकि समाज के भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शोभायात्रा में शामिल होना और मंदिर में सेवा का अवसर पाना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। हमारा पलिया हमेशा से आपसी मोहब्बत और भाईचारे का प्रतीक रहा है, और यह धागा हमेशा यूं ही मजबूत बना रहेगा।” इस भव्य शोभायात्रा और उत्सव में मुख्य रूप से कमेटी अध्यक्ष बिट्टू वाल्मीकि, बाबूराम, धीरू, महवाल, मुन्नालाल, अरुण, सतीश, दिनेश, संजय, विक्की, चमन, छोटू, देवराज, नागेश, सामा, कल्पना एवं सोमवती वाल्मीकि सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।













