एपीएस न्यूज संवाददाता रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त निर्देश है कि जल जीवन मिशन के तहत जहां भी पाइपलाइन डालने के लिए सड़कें खोदी जाएं, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए। लेकिन गोला नगर के सिनेमा रोड स्थित मोहल्ला केडियाफार्म में जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। यहाँ संबंधित विभाग और ठेकेदारों की लापरवाही के चलते मुख्यमंत्री के आदेश हवा में उड़ रहे हैं। भीषण गर्मी में ‘धूल का गुबार’ निगलने को मजबूर राहगीर और निवासी मोहल्ला वासियों के मुताबिक, लगभग 20 दिन पहले जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत सड़क खोदकर पाइपलाइन डालने का काम शुरू किया गया था। लेकिन इस काम को अधूरा छोड़कर ही बंद कर दिया गया। काम बंद हुए दिन बीत चुके हैं, पर सड़क की मरम्मत की सुध लेने वाला कोई नहीं है। वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और तेज लू के थपेड़ों के कारण इस अधूरी खुदी सड़क से चौबीसों घंटे धूल का गुबार उड़ता रहता है। स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो चुका है। धूल उड़कर लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच रही है।स्थिति यह है कि घरों में रखा खाना धूल की चपेट में आ रहा है।भोजन में धूल मिल जाने के कारण खाना किरकिरा हो जाता है, जिससे वह खाने लायक भी नहीं बचता। लोगों को गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और सांस की बीमारियों का खतरा सताने लगा है। सड़क को खोदकर वैसा ही छोड़ दिए जाने के कारण पूरा रास्ता उबड़-खाबड़ और जानलेवा हो चुका है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीर और बाइक सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग और उसके ठेकेदारों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। मोहल्ले के त्रस्त नागरिकों का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करवाते हुए इस सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि उन्हें इस नरकीय स्थिति और रोज-रोज होने वाले हादसों से मुक्ति मिल सके।













