घर में फन फैलाए बैठा था मौत का सौदागर, दुर्लभ चश्माधारी कोबरा निकलने से गांव में मचा हड़कंप।

एपीएस न्यूज संवाददाता–रफी अहमद

गोला गोकर्णनाथ खीरी। वन रेंज मैलानी के अंतर्गत ग्राम पंचायत खंजनपुर के बासुकपुर गांव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर के अंदर बेहद विषैला और दुर्लभ इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा (चश्माधारी नाग) दिखाई दिया।

जहरीले नाग की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार बासुकपुर निवासी राजकुमार के घर में अचानक फन फैलाए बैठे कोबरा को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू टीम के साहसी सदस्य तरुण राज तत्काल मौके पर पहुंचे।

सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए रेस्क्यू अभियान के दौरान कोबरा बार-बार अपना फन फैलाकर आक्रामक मुद्रा में दिखाई दिया, जिससे मौजूद लोगों की धड़कनें तेज हो गईं। काफी देर तक चले रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन में तरुण राज ने सूझबूझ, साहस और अनुभव का परिचय देते हुए जहरीले नाग को सुरक्षित पकड़ लिया। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

इस पूरे रोमांचक अभियान को कैमरामैन ललित ने अपने कैमरे में कैद किया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वन विभाग और रेस्क्यू टीम की तत्परता से एक संभावित खतरा टल गया। गांववासियों ने टीम के साहसिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!