एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में पड़ रही भीषण गर्मी और रिकॉर्ड तोड तापमान ने केवल इंसानों को ही नहीं बल्कि दुधवा नेशनल पार्क के बाघों को भी बेहाल कर दिया है। चिलचिलाती धूप और उमस से राहत पाने के लिए जंगल के राजा दुधवा पार्क में बने कृत्रिम तालाबों (वाटर होल्स) का सहारा ले रहे हैं। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, दोपहर में तापमान बढने के साथ ही अमूमन शांत रहने वाले बाघ पानी के स्रोतों के आसपास जमावाड़ा लगा लेते हैं। दुधवा के अलग-अलग इलाकों से कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें बाघ घंटो पानी में डुबकी लगाकर अपने शरीर का तापमान नियंत्रित कर रहे हैं।पार्क प्रशासन वन्यजीवों को पीने के पानी और ठंडक की कमी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मुस्तैद है। सभी वाटर होल्स को टैंकरों और पंपिंग सेट के जरिए लगातार भरा रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह नजारा पर्यटकों के लिए भी रोमांचक अनुभव से कम नहीं है।













