एपीएस न्यूज संवाददाता रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। देवाधिदेव महादेव छोटी काशी के नाम से सुविख्यात गोलागोकर्ण के पवित्र शिव मंदिर को सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ग्रुप के संचालक एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा ने कांवड़ियों की निर्बाध चिकित्सा सेवा के लिए एक अत्याधुनिक ‘चिकित्सा सेवा रथ’ (स्पेशलिटी एम्बुलेंस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह चिकित्सा सेवा रथ मेले के दौरान कांवड़ मार्ग पर निरंतर मुस्तैद रहेगी, ताकि लंबी पदयात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु या कांवड़िये को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल इलाज मिल सके। डॉ. कौशल ने बताया कि मेले में दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना अत्यंत सौभाग्य की बात है। कांवड़ यात्रा के कठिन मार्ग में श्रद्धालुओं को अक्सर पैरों में छाले, मांसपेशियों में खिंचाव, थकान, डिहाइड्रेशन या चोट जैसी समस्याएं आती हैं। यह रथ मुख्य मार्ग पर तैनात रहेगा। जोकि आवश्यकतानुसार प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराएगा। गंभीर स्थिति में मरीज को तुरंत हॉस्पिटल या ट्रामा सेंटर पहुचायेगा। डॉक्टर की इस अनूठी पहल की स्थानीय लोगों, समाजसेवियों, और श्रद्धालुओं ने सराहना की है। इस विशेष एम्बुलेंस में प्राथमिक उपचार से लेकर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी आधुनिक चिकित्सा उपकरण मौजूद हैं। मरीजों की देखभाल के लिए एक प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की टीम तैनात रहेगी।













