एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट –अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। मोहाना और कर्णाली नदी के बढ़े जलस्तर से तहसील निघासन के ग्राम जसनगर स्थित गिरिजा बैराज के एफ्लक्स बंधे के समीप हो रहे कटान को रोकने के लिए शारदा नगर सिंचाई खंड द्वारा चलाए जा रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों का जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम यदुवीर सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड अजय कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड शारदा नगर करणपाल गंगवार सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर चल रहे बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों तथा आगे की कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि कटान रोकने के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के साथ युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। उन्होंने फ्लड फाइटिंग कार्य दिन-रात लगातार जारी रखने तथा रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि बचाव कार्य प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान एफ्लक्स बंधे के भीतर स्थित डूब क्षेत्र की आबादी की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिशासी अभियंता करणपाल गंगवार ने बताया कि संबंधित बस्ती डूब क्षेत्र में आती है। इस पर डीएम ने तहसील प्रशासन और एसडीएम को प्रभावित ग्रामीणों के सुरक्षित विस्थापन की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं। डीएम ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बाढ़ और कटान को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं, जिस पर डीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और गांव की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।













