एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। जिले के पलिया विधानसभा क्षेवो एडत्र के विकास को लेकर विधायक रोमी साहनी ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र से जुड़े चार प्रमुख विकासात्मक मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। विधायक ने विशेष रूप से पलिया क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक रोमी साहनी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पलिया क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनके लिए पर्याप्त खेल मैदान और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में क्षेत्र में स्टेडियम का निर्माण होने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और अपनी प्रतिभा को प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिल सकेगा। भेंट के दौरान विधायक ने पलिया विधानसभा क्षेत्र की अन्य प्रमुख विकास संबंधी समस्याओं और आवश्यक कार्यों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाना आवश्यक है, जिससे क्षेत्र में विकास की गति और तेज हो सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा रखे गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विधायक रोमी साहनी ने कहा कि पलिया विधानसभा क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर पर लगातार उठाया जाता रहेगा। विधायक ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पलिया क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।












