एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट– अनुराग पटेल
लखीमपुर-खीरी। जिले में उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद की जिला इकाई लखीमपुर-खीरी को मजबूत, संगठित और प्रभावी बनाने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार वर्मा के तत्वावधान में रामदास नगर, बेहजम रोड, कलुवापुर स्थित श्री राम डिजिटल कार्यालय में आयोजित बैठक में जनपद के सस्ता गल्ला विक्रेताओं की मौजूदगी में जिला कार्यकारिणी समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, विक्रेताओं की एकजुटता, उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकारिणी के गठन को जनपद में सस्ता गल्ला विक्रेताओं को एकजुट एवं मजबूत मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को एकजुट कर उनकी समस्याओं एवं अधिकारों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना है। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ संगठन को नई मजबूती प्रदान की जाएगी। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उपस्थित विक्रेताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जिले के प्रत्येक क्षेत्र के सस्ता गल्ला विक्रेताओं को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यकारिणी के गठन से विक्रेताओं में उत्साह का माहौल रहा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सस्ता गल्ला विक्रेताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार वर्मा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जनपद में और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की बात कही।














