apsnews24live

वाईडी मैदान में गूंजा खिलाड़ियों का जोश, 75वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज

एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त इंटर कॉलेज (वाईडी) के मैदान में बुधवार को तीन दिवसीय 75वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया, जिसकी डीएम ने सलामी ली। इस दौरान तिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना भी अपने आप में उपलब्धि है। खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान अनुशासन, संघर्ष और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना सिखाता है। जीत मिलने पर अभिमान नहीं करना चाहिए और हार की स्थिति में प्रतिद्वंद्वी के प्रति ईर्ष्या नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलते हुए जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। वहीं श्री जय दुर्गे शिशु विद्या मंदिर गोयल की बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को डीएम ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है।प्रतियोगिता के संयोजक एवं वाईडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद वर्मा ने बताया कि जनपदीय प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागी खिलाड़ी आगे मंडलीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. ईशविंदर सिंह, सीमा टंडन, शालिनी दुबे समेत विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!