एपीएस न्यूज संवाददाता
मितौली खीरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मितौली में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित रमेश शुक्ला रहे। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास एवं समग्र विकास का मूल्यांकन किया गया। स्वस्थ एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी माताओं को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बेबी इवान ने प्रथम, अब्दुल हादी ने द्वितीय तथा बेबी मोनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर आईसीडीएस सुपरवाइजर प्रीति यादव, ज्योतिका शुक्ला, पम्मी राज, बीपीएम मोहम्मद तैयब सिद्दीकी, ब्लॉक लेखा प्रबंधक अमित सक्सेना, एचबी आभा शुक्ला, शिवेंद्र सिंह एवं संयोजिका उर्मिला देवी सहित सीएचसी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा स्वस्थ बचपन के महत्व को प्रोत्साहित करना रहा।














