एपीएस न्यूज संवाददाता
मितौली खीरी। मितौली थाना क्षेत्र में सीतापुर मार्ग पर अच्छरौला मोड़ के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार अनुभव तिवारी मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे अपने घर से कस्ता कोचिंग पढ़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान अच्छरौला मोड़ के पास तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अनुभव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए बीसीएम अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया,लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची मितौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार करीब एक बजे छात्र का शव घर पहुंचा। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने मामले में अज्ञात बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मितौली थाने में तहरीर दी है। तहरीर में बस चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर हादसे में शामिल बस और उसके चालक की तलाश में जुटी है। छात्र की मौत की जानकारी मिलने पर कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। छात्र की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।














