एपीएस न्यूज–संवाददाता
गोला गोकर्णनाथ खीरी। जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री संबोधित जिला अधिकारी को पत्र भेज कर भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग।भीषण गर्मी के बीच गोला नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में खराब पड़े सरकारी हैंडपंपों तथा क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइनों के कारण आम जनता को भारी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत दर्जनों सरकारी हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हुए हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व नगर में खराब पड़े सरकारी हैंडपंपों की जानकारी नगर पालिका जल निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) आदर्श मिश्रा को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मिल रोड, शिव मंदिर तीर्थ, प्राथमिक विद्यालय क्षेत्र, नीलकंठ मैदान, मेला मैदान, त्रिलोक गिरी मार्ग, मोहम्मदी रोड बांकेगंज रोड सहित कई क्षेत्रों में सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं। इसके अलावा नगर के विभिन्न स्थानों पर पेय जल पाइप लाइनें भी क्षतिग्रस्त हैं, जिनसे लगातार पानी की बर्बादी हो रही है और नागरिकों को स्वच्छ पेय जल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जिला अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार संबंधित आदर्श मिश्रा जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह रही कि जनहित की समस्या बताने पर उनका मोबाइल नंबर ही ब्लैक लिस्ट में डाल दिया गया। उन्होंने इसे जिम्मेदार अधिकारियों की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली बताते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की।अनूप गुप्ता ने कहा कि जब जनहित के मुद्दों को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क किया जाता है और वे संवाद करने के बजाय फोन नंबर ब्लैक लिस्ट कर देते हैं, तो इससे जनता की समस्याओं का समाधान प्रभावित होता है और आम लोगों में प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ता है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि गोला नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में खराब पड़े सभी सरकारी हैंडपंपों तथा फूटी पेयजल पाइप लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि भीषण गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके।













