एपीएस न्यूज संवाददाता रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। वन रेंज मैलानी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 3, नरंगड़ी फॉर्म, पहाड़नगर तथा जंगल से सटे आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से तेंदुआ/बाघ की लगातार गतिविधियां देखे जाने से ग्रामीणों और किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि खूंखार वन्यजीव आबादी के बेहद करीब पहुंच चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगल से निकलकर आए तेंदुआ/बाघ ने पहले एक किसान के घर में घुसकर बकरी पर हमला किया। इसके बाद दूसरे घर के पालतू कुत्ते को निशाना बनाया। वहीं रविवार रात भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह के घर के बाहर भी एक कुत्ते पर हमला कर दिया गया। हालांकि शोरगुल होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह कुत्ते की जान बचाई जा सकी।लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को दो दिन पहले ही सूचना दे दी गई थी और रविवार को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि लोग अपने बच्चों को अकेले बाहर न भेजें, रात के समय खेतों और जंगल किनारे जाने से बचें तथा पालतू जानवरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दें। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाई जाए, पिंजरा लगाया जाए और वन्यजीव को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।













