एपीएस न्यूज संवाददाता –रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में शिव भक्तों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘गोला कॉरिडोर’ का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसी क्रम में सोमवार को उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी अचानक निर्माण स्थल पर पहुँचीं और चल रहे कार्यों का बारीक निरीक्षण किया। एसडीएम ने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिया कि आगामी सावन मेले से पहले हर हाल में कॉरिडोर का काम पूरा हो जाना चाहिए, ताकि आने वाले शिवभक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। चिलचिलाती धूप में ज़मीन पर उतरीं एसडीएम, परखी कार्य की गुणवत्ता ओर निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने कॉरिडोर के नक्शे और अब तक हुए काम का मिलान किया। उन्होंने ईंट, सीमेंट, और पत्थरों की गुणवत्ता को भी परखा। कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने साफ कहा कि रफ्तार अच्छी है, लेकिन समय सीमा का ध्यान रखना सबसे ज्यादा जरूरी है। “सावन का महीना गोला गोकर्णनाथ के लिए बेहद खास होता है। यहां लाखों की संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु आते हैं। शिवभक्तों की राह में कोई रोड़ा न आए, इसके लिए सावन शुरू होने से पहले कॉरिडोर का भव्य और सुरक्षित स्वरूप तैयार हो जाना चाहिए। काम में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”इस बार सावन के मेले में कॉरिडोर बन जाने से श्रद्धालुओं को न सिर्फ भीड़भाड़ से निजात मिलेगी, बल्कि बाबा भोलेनाथ के दर्शन भी सुगम हो सकेंगे। एसडीएम के इस कड़े रुख से साफ है कि प्रशासन समय से पहले इस कॉरिडोर को बाबा के भक्तों के लिए समर्पित करना चाहता है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले सहित कार्यदायी संस्था के इंजीनियर्स और ठेकेदार मौजूद रहे, जिन्हें काम की गति दोगुनी करने के निर्देश दिए गए हैं।













