एपीएस न्यूज संवाददाता रफी अहमद
गोला गोकर्णनाथ खीरी। पावन सावन माह के पहले सोमवार पर ‘छोटी काशी’ गोला पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग गई! रविवार की शाम से ही नगर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा, जो सोमवार की शाम तक लगातार गूंजायमान रहा। दूर-दराज़ से आए लाखों श्रद्धालुओं के महासैलाब ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में शीश नवाया और जलाभिषेक किया। लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने के लिए गोला तहसील और पुलिस प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ रणनीति के तहत काम किया। शिवभक्तों की सुगमता और सुरक्षा के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ग्राउंड ज़ीरो पर डटी रही।एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार अरुण कुमार, कानूनगो अरुणेश कुमार मिश्रा और लेखपाल रमेश कुमार समेत राजस्व विभाग की पूरी टीम व्यवस्थाओं की कमान संभाले रही। वही गोला की तेजतर्रार सीओ महक शर्मा, गोला कोतवाल अंबर सिंह और भारी पुलिस फोर्स ने अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था का ऐसा ताना-बाना बुना कि परिंदा भी पर न मार सके। प्रशासनिक टीम ने बताया कि “रविवार शाम से ही बाबा के दरबार में भक्तों का तांता लगा हुआ था। हमारी पूरी टीम ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी शिवभक्त को दर्शन में रत्ती भर भी परेशानी न हो। कड़ी सुरक्षा और मुस्तैद व्यवस्था के बीच सभी ने बेहद सुगमता से जलाभिषेक किया।” लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद प्रशासन की सूझबूझ और सटीक प्लानिंग के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। गोला स्टेडियम युगांतर त्रिपाठी ने बताया कि पवित्र सावन के प्रथम सोमवार को लगभग 75 से 80 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के सुगम दर्शन किए।













