सोते समय सांप ने डसा, 22 वर्षीय युवक की मौत; भूलनपुर गांव में पसरा मातम

एपीएस न्यूज रिपोर्ट–अनुराग पटेल

लखीमपुर खीरी। जिले के थाना नीमगांव क्षेत्र के भूलनपुर गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में सो रहे 22 वर्षीय युवक बृजेश कुमार की सांप के डंसने से मौत हो गई। बृजेश, गोविंद प्रसाद के पुत्र थे और अपने सरल व मिलनसार स्वभाव के कारण गांव में सभी के प्रिय माने जाते थे। परिजनों के अनुसार, बृजेश सोमवार रात अपने घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उन्हें डंस लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर देख परिजन बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पूरे गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंच गए। पूरे भूलनपुर गांव में शोक का माहौल है। मृतक के पिता गोविंद प्रसाद बेहजम कस्बे में फल की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जवान बेटे की असमय मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा समय पर उपचार की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के संबंध में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!