एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट– अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। जनपद में गोवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने मोबाइल जीपीएस लोकेशन के माध्यम से विकासखंड कुंभी गोला स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में हैदराबाद एवं ममरी गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा एवं हरा चारा उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही परिसर में गंदगी, जलभराव तथा पशुओं के बैठने और ठहरने की समुचित व्यवस्था भी नहीं पाई गई। लापरवाही सामने आने पर हैदराबाद गौशाला की प्रभारी सचिव सुरभि गौर एवं ममरी गौशाला के प्रभारी सचिव अखिलेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सीडीओ के निर्देश पर अन्य विकासखंडों की गौशालाओं का भी निरीक्षण कराया गया, जिसमें मिली अनियमितताओं के आधार पर तीन अन्य सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं गौशालाओं के पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर चार खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सीडीओ ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दो दिनों के भीतर सभी गौशालाओं का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छता, जल निकासी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।













