apsnews24live

जलमग्न हुआ गोला: दो दिन से हो रही बारिश ने खोली नगर पालिका के दावों की पोल,सड़कों पर तैरी गाड़ियां, दुकानों-घरों में घुसा पानी

एपीएस न्यूज संवाददाता –रफी अहमद 

गोला गोकर्णनाथ खीरी। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने गोला नगर की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। नगर के प्रमुख चौराहों से लेकर कॉलोनियों तक हर तरफ सिर्फ और सिर्फ पानी का कब्जा नजर आ रहा है। जलभराव के चलते जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है और नगरवासियों में त्राहि-त्राहि मची हुई है। बारिश ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन व नगर पालिका के जलनिकासी के दावों को बेनकाब कर दिया है।

बाजार बंद, घरों में घुसा गंदा पानी–नगर का डामर रोड, मोहल्ला नीची भूड़, हमीद मार्केट और मेला मैदान पूरी तरह टापू में तब्दील हो चुके हैं। हालात इतने बदतर हैं कि सड़कों पर कई फीट पानी भरने के कारण दुकानें बंद हैं और व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है। कई निचले इलाकों में नालों का गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया है, जिससे घरेलू सामान बर्बाद हो रहा है और लोगों का घर से बाहर निकलना मुहाल हो गया है।

सिनेमा रोड पर ‘परंपरागत’ संकट, घुटनों तक भरा पानी–नगर की सबसे व्यस्त मानी जाने वाली सिनेमा रोड की हालत वर्षों पुरानी ‘परंपरा’ के अनुसार फिर बदहाल है। थोड़ी सी भी बारिश होते ही यह सड़क दरिया बन जाती है और इस बार भी यहां घुटनों से ऊपर तक पानी भर चुका है। इस मार्ग पर कई प्रमुख स्कूल, कोचिंग सेंटर और बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिनका काम-काज पूरी तरह चौपट हो गया है।छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर अथाह पानी भरने से दोपहिया व चारपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो रहे हैं। राहगीरों के लिए पैदल चलना तक जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि हर साल टैक्स देने के बावजूद उन्हें इस नरकीय स्थिति से जूझना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजों पर सफाई और विकास दिखाकर आंखें मूंदे बैठे हैं। यदि बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहा, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल पंप लगाकर पानी निकलवाने और सिनेमा रोड पर जो वर्षों से यही समस्या बनी हुई है उससे निजात दिलाने एवं समस्या का स्थाई समाधान निकालने की पुरजोर मांग की है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

और पढ़ें

error: Content is protected !!