एपीएस न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट–अनुराग पटेल
लखीमपुर खीरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार सुबह नीमगांव थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। सिकंदराबाद चौकी क्षेत्र के ग्राम रहमतपुर में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर सो रहे पति-पत्नी और उनके छोटे बेटे की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहन कश्यप, उनकी पत्नी कविता कश्यप और छोटे बेटे नानू कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह परिवार के सदस्य घर के अंदर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर चारपाई के ऊपर जा गिरी और तीनों मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाने में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार बारिश के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।














